MP में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मध्यप्रदेश पुलिस की अवैध पटाखों के आवासीय क्षेत्रों में अवैध भंडारण, बिना लाइसेंस बिक्री एवं पटाखा निर्माण पर व्यापक कार्रवाई

विगत दस दिनों में 45 लाख रुपए से अधिक मूल्य के पटाखे एवं विस्फोटक सामग्री जब्त

भोपाल
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा दीपावली पर्व के दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित आगजनी एवं विस्फोट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रदेशभर में अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई की जा रही है। विगत 10 दिनों में की गई इन प्रभावी कार्रवाइयों में 45 लाख रुपए से अधिक मूल्य के अवैध पटाखे एवं विस्फोटक सामग्री जब्त की गई है। साथ ही पोटाश एवं कार्बाइड गन सहित अन्य असुरक्षित उपकरणों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है। इन कार्रवाइयों का उद्देश्य त्योहार के उल्लास के बीच नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और नियमों का उल्लंघन कर जनसुरक्षा को खतरे में डालने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करना है।

त्योहारों के दौरान पटाखों की मांग बढ़ने के साथ ही अवैध भंडारण, बिना लाइसेंस बिक्री और रिहायशी इलाकों में विस्फोटक सामग्री रखने से गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा सूचना के आधार पर दबिश, दुकानों एवं गोदामों की जांच, परिवहन की निगरानी तथा विभिन्न स्थानों पर एक साथ चेकिंग कर कार्रवाई की जा रही है।

सागर
सागर पुलिस ने त्योहारों के मद्देनजर जिलेभर में  100 से अधिक स्थानों पर एक साथ चेकिंग करते हुए 10 प्रकरणों में लगभग 3 लाख 69 हजार रुपए मूल्य के पटाखे जब्त किए है। इसके अतिरिक्त थाना मोतीनगर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में लगभग 19 लाख रुपए मूल्य के अवैध पटाखे जब्त किए गए। वही बीना पुलिस ने गांधी वार्ड में कार्रवाई कर 1 लाख 51 हज़ार रुपए मूल्य के पटाखे जब्त किए। इसी तरह शाहगढ़ में दो स्थानों पर कार्रवाई करते हुए लगभग 5 लाख रुपए मूल्य के पटाखे जब्त किए गए। इस प्रकार सागर पुलिस ने लगभग 29 लाख 71 हजार रुपए मूल्य के अवैध पटाखे जब्त किए।

छतरपुर
थाना नौगांव पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का परिवहन करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर 13 कार्टून में भरे पटाखे एवं तीन पहिया टैक्सी सहित लगभग 2 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की। वही थाना कोतवाली पुलिस ने बायपास रोड के पास रहवासी क्षेत्र में स्थित अवैध पटाखा गोदाम पर दबिश देकर 91 कार्टून एवं 10 बोरियों में रखे छोटे-बड़े पटाखे सहित लगभग 4 लाख  50 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है। इस प्रकार छतरपुर पुलिस ने लगभग 6 लाख 70 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।

मुरैना
मुरैना जिले में अवैध पटाखों के विरुद्ध संचालित विशेष कार्रवाई के तहत थाना कैलारस एवं जौरा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध पटाखे एवं पटाखा निर्माण में प्रयुक्त सामग्री जब्त की। इसकी कुल कीमत लगभग 2 लाख 45 हजार रुपए है। थाना कैलारस पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में लगभग 24 हजार से अधिक मूल्य, थाना अंबाह पुलिस ने अवैध पटाखे बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 15 हजार से अधिक मूल्य के तथा थाना सिविल लाइन पुलिस ने अवैध पटाखे बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर 35 हजार से अधिक मूल्य के अवैध पटाखे एवं निर्माण सामग्री जब्त की। इस प्रकार जिले में लगभग 3 लाख 19 हजार रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त की है।

इंदौर
थाना राजेंद्र नगर पुलिस ने आनंद विहार कॉलोनी में बिना वैध लाइसेंस भंडारित 197 कार्टून पटाखे जब्त किए। इनकी कीमत लगभग 2 लाख 62 हजार रुपए है।

दतिया
थाना इंदरगढ़ पुलिस ने पटाखों से आग लगने की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मकानों से लगभग 60 किलोग्राम बारूद, अवैध पटाखे एवं पटाखा निर्माण सामग्री जब्त की है। मामले में दो आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया। इसी थाना क्षेत्र में स्टेट बैंक के पीछे दतिया रोड स्थित एक मकान से लगभग 40 हजार मूल्य के अवैध पटाखे जब्त कर आरोपी के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए लगभग 60 हजार रुपए मूल्य के अवैध पटाखे एवं एक बलेनो कार जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। तीनों कार्यवाहियों में पुलिस ने लगभग 2 लाख 10 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।

ग्वालियर
थाना मुरार एवं क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने बिना लाइसेंस संचालित दुकान से 62 हजार 900 रुपए मूल्य के अवैध पटाखे जब्त कर दुकान संचालक के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज किया। वही थाना मोहना पुलिस ने 24 अक्टूबर को घर में अवैध पटाखे रखने के मामले में चार आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए लगभग 8 हजार 200 रुपए मूल्य के पटाखे  जब्त किए। इसके अतिरिक्त सिरोल स्थित कारखाने से 58 कार्बाइड गन एवं पोटाश के पांच पैकेट बरामद किए गए। इस प्रकार पुलिस ने 71 हजार 200 रुपए की संपत्ति जब्त की है।

उज्जैन
बड़नगर के मुख्य बाजार में असुरक्षित तरीके से रखे गए लगभग 5 हजार मूल्य के 14 पैकेट पटाखे पुलिस ने जब्त किए। संबंधित आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

श्योपुर
श्योपुर पुलिस ने अवैध रूप से कार्बाइड गन बेचने वाले आरोपी को पकड़कर 74 अवैध कार्बाइड गन जब्त कीं। मध्यप्रदेश पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि पटाखों का भंडारण एवं विक्रय केवल वैधानिक अनुमति और निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही करें। रिहायशी क्षेत्रों में अवैध रूप से पटाखे जमा न करें तथा पोटाश एवं कार्बाइड गन जैसे असुरक्षित उपकरणों का उपयोग करने से बचें। किसी भी स्थान पर अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण या बिक्री की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button